लखनऊ/सिद्धार्थनगर (अभिषेक द्विवेदी, ऊँ टाइम्स) भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रदेश में उल्लास का माहौल बना हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश शासन ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाने के लिए सोमवार नाइट कर्फ्यू के प्रतिबंधों की बेड़ियां तोड़ दी हैं। हर तरफ वातावरण कृष्णमय है। ब्रजभूमि में ऐसा लग रहा है कि जैसे रात ही नहीं हुई, पालनहार जन्म के इंतजार में श्रद्धा की पलकों ने झपकना छोड़ दिया। आखिर जन-जन के आराध्य के जन्म का उत्सव जो था।इस बार के जन्मोत्सव पर अद्भुत संयोग बना। द्वापर में जब कंस की कारा में कन्हाई ने जन्म लिया, तो जयंती और सर्वार्थ सिद्धि योग था। इस बार भी यही योग बना। लीलाधर भगवान श्रीकृष्ण का 5248वां जन्मोत्सव है। लाला के आगमन की खुशियां ब्रज के हर घर में सुबह से पसरी थीं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर सुबह छह बजे मंगला आरती के बाद पुष्पांजलि अर्पित की गई। भागवत भवन में युगल सरकार जब रेशम, जरी, लता-पताओं से सजी हरिचंद्रिका पोशाक पहन इठलाए, तो श्रद्धालु छवि निहार धन्य हो गए। जैसे-जैसे रात गहराती रही, उल्लास चरम की ओर बढ़ता गया। पूरे परिसर में सुगंधित द्रव्य का छिड़काव हुआ।
