काबुल / नई दिल्ली (ऊँ टाइम्स) अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद अब आतंकवादियों ने अपना कारनामा शुरू कर दिया है। दिनां 26 अगस्त 2021 को काबुल हवाईअड्डे के बाहर एक के बाद एक हुए दो बम धमाकों में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कई बच्चे भी हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमले में महिलाओं, अमेरिकी सुरक्षा कर्मियों और तालिबान के गार्ड समेत कई लोग घायल हुए हैं। अमेरिका समेत कुछ पश्चिमी देश हमले के लिए आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) पर शक जता रहे हैं। अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने इसे आत्मघाती हमला बताया है। पेंटागन ने भी हमले की पुष्टि करते हुए अमेरिकी नागरिकों के भी हताहत होने की जानकारी दी है । इस हमले में मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। यह आत्मघाती हमला अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों की ओर से जारी अलर्ट के बाद हुआ है। सूत्रों से मिली खबर के अनुसार एक बम धमाका एयरपोर्ट के एबे गेट पर और दूसरा धमाका एयरपोर्ट के बाहर बैरन होटल के पास हुआ। दोनों घटनास्थल आस-पास हैं। हमले में कई अफगान नागरिक हताहत हुए हैं। इलाज के लिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इमरजेंसी अस्पताल के अनुसार एयरपोर्ट में बम धमाकों के 60 घायलों को इलाज के लिए लाया गया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही। तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह ने बम धमाके की घटना को आतंकी वारदात बताया है। काबुल स्थित अमेरिकी दूतावास की ओर से कहा गया है कि हवाई अड्डे के पास एक बड़ा धमाका हुआ है। गोलीबारी की भी खबरें हैं। अमेरिकी नागरिक इस समय हवाईअड्डे की ओर आने से बचें। जो भी नागरिक हवाईअड्डे के विभिन्न गेट पर हैं उनको तुरंत निकल जाना चाहिए। संवाददाता ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा है कि काबुल में हुए इन सिलसिलेवार आत्मघाती बम धमाकों के पीछे आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का हाथ हो सकता है।