मंगलवार, 31 अगस्त 2021

तालिबान से भारतीयों की वापसी के लिए भारतीय पीएम मोदी ने गठित किया उच्चस्तरीय समिति : OmTimes News

 

 नई दिल्ली (रामदेव द्विवेदी, ऊँ टाइम्स) अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी के पश्चात तालिबान के हाथों में सत्ता आने के साथ ही भारत ने भी अपने कूटनीतिक हितों के हिसाब से कदम उठाना शुरू कर दिया है । भारत ने सीधे तौर पर तालिबान के साथ संवाद शुरू करके यह संकेत दे दिया है कि वह अफगानिस्तान में उसकी सत्ता को मान्यता दे सकता है। साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उसके शासन में अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल भारतीय हितों के खिलाफ नहीं होना चाहिए।  दूसरी तरफ तालिबान के सत्ता में आने के बाद सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर नजर रखने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर एवं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को मिलाकर एक उच्च स्तरीय समिति गठित किया है। भारत की अध्यक्षता में हुई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की सोमवार देर रात बैठक के जरिये भी विश्व बिरादरी ने साफ संकेत दिया है कि अफगानिस्तान को आतंक का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।  विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया है कि कतर में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने दोहा में तालिबान के राजनीतिक दल के मुखिया शेर मुहम्मद अब्बास स्टेनकजई से मुलाकात की है। मुलाकात का आग्रह तालिबान की तरफ से आया था और दोनों की बैठक दोहा स्थित भारतीय दूतावास में हुई। इनके बीच अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों की सुरक्षा, संरक्षा और उनकी शीघ्र वापसी को लेकर बातचीत हुई है। अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक जो भारत आना चाहते हैं, उस बारे में भी वार्ता हुई है। भारतीय राजदूत ने तालिबान के सामने अपनी इस चिता को रखा है कि अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ किसी आतंकी गतिविधियों के लिए नहीं होनी चाहिए। साथ ही भारत ने यह भी कहा है कि अफगानिस्तान में किसी भी सूरत में भारत विरोधी गतिविधियों को संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।  तालिबान के प्रतिनिधि ने भारत को भरोसा दिलाया कि वह इन सभी मुद्दों को देखेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि ऐसा नहीं हो। विदेश मंत्रालय ने जिस तरह से तालिबान के नेता के साथ भारतीय राजदूत की मुलाकात पर आधिकारिक बयान जारी किया है उससे साफ है कि अब भारत काबुल की सत्ता पर तालिबान के काबिज होने के बाद ज्यादा व्यवहारिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ेगा। खास तौर पर तब जब पाकिस्तान व चीन जैसे पड़ोसी देशों की अफगानिस्तान में महत्व बढ़ने की पूरी संभावना है। यह मुलाकात एक तरह से तालिबान को राजनीतिक मान्यता देने जैसा ही लग रहा है। 

तालिबान की तरफ से भी बार-बार भारत के साथ रिश्तों को दुहाई दी जा रही है। उसने कई बार भारत के साथ सामान्य रिश्ते रखने के संकेत दिए हैं। देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में सैन्य प्रशिक्षण लेने वाले स्टेनकजई ने एक दिन पहले ही एक वीडियो संदेश जारी किया था, जिसमें भारत के साथ रिश्तों को काफी महत्वपूर्ण बताया था। तालिबान नेता ने भारत के साथ सांस्कृतिक, राजनीतिक व आर्थिक संबंध बनाए रखने की बात कही थी। सूत्रों का कहना है कि भले ही पहली बार भारत ने तालिबान के साथ वार्ता को सार्वजनिक किया हो लेकिन इसके पहले भी तालिबान के साथ भारतीय प्रतिनिधियों की मुलाकात हुई है।