सिद्धार्थनगर (अविनाश द्विवेदी, विशेष संवाददाता, ऊँ टाइम्स) इस जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 30 जुलाई का प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया है। दरअसल मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से अभी तक अप्रूवल न मिलने के चलते यह दौरा रद्द किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि एमसीआई से अप्रूवल होने के बाद नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण प्रधानमंत्री के हाथ से ही कराया जाएगा। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ 25 जुलाई को निर्माणाधीन मेडिकल कालेज सिद्धार्थनगर का निरीक्षण करने सिद्धार्थनगर पहुंचे। उन्होंने बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी , स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह और विधायकगणों के साथ प्रधानमंत्री के प्रस्तावित यात्रा को लेकर चर्चा किया, और कहा कि सरकार के पांच साल पूरे होने तक प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश के नौ जिलों में नए मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण होना है, और एमसीआई के निरीक्षण के बाद पीएम मोदी मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण करेंगे। सीएम ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए किसी तारीख की घोषणा नहीं किया है। सीएम के जाने के बाद जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर दीपक मीना ने बताया कि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम कुछ दिनों के लिए स्थगित हो गया है। इंडियन मेडिकल काउंसिल से सहमति मिलने के बाद लोकार्पण का कार्यक्रम होगा ! मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि सिद्धार्थनगर, देवरिया, गाजीपुर , एटा, फतेहपुर, हरदोई, जौनपुर, मिर्जापुर, प्रतापगढ़ में मेडिकल कालेज बनकर तैयार हो गया है। माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम से यहां का मेडिकल कॉलेज होगा।


