गुरुवार, 24 फ़रवरी 2022

प्रधान मंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से किया बार्ता, यूक्रेन पर हिंसा रोकने का किया अनुरोध

नई दिल्ली (ऊँ टाइम्स) यूक्रेन पर  हमला कर अमेरिका और पश्चिमी देशों के निशाने पर आए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हिंसा पर तत्काल रोक लगाने के लिए गुरुवार देर रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टेलीफोन पर बात की। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से सभी तरह की हिंसा पर तत्काल रोक लगाने और कूटनीतिक वार्ता से मौजूदा समस्या का समाधान निकालने की अपील किया। पीएम कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने अपना यह पुराना विचार दोहराया कि रूस और नाटो के बीच ईमानदार और गंभीर संवाद के जरिये ही मतभेदों को सुलझाया जा सकता है। प्रधान मंत्री मोदी एवं राष्ट्रपति पुतिन के बीच हुई इस वार्ता की खास अहमियत है, क्योंकि भारत अपने दोनों प्रमुख रणनीतिक साझेदार देशों- अमेरिका और रूस के बीच बढ़ रहे तनाव के मद्देनजर सामंजस्य बनाने में जुटा हुआ है। इस पूरे प्रकरण में भारत का रुख अभी तक परोक्ष तौर पर रूस को समर्थन देने वाला ही रहा है। रूस के हमले के तात्कालिक कूटनीतिक और आर्थिक दुष्प्रभावों को काटने में भारत सरकार गंभीरता से सक्रिय हो गई है। यूक्रेन के कई शहरों में रूसी सेना के घुसने की खबर आने के कुछ ही घंटे बाद विदेश मंत्रालय ने विशेष प्रकोष्ठ के जरिये पूरे हालात की लगातार समीक्षा शुरू की। देश की अर्थव्यवस्था पर इसके चौतरफा असर के आकलन और इसे समय रहते दूर करने के उपायों पर पीएमओ और वित्त मंत्रालय के बीच सामंजस्य स्थापित किया गया। देर शाम प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) की लंबी बैठक हुई। इसमें मौजूदा हालात के परिप्रेक्ष्य में देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। इस बैठक में देश के समक्ष नई आर्थिक चुनौतियों को लेकर भी चर्चा हुई है। वार्ता के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को यूक्रेन को लेकर पूरी जानकारी दी है। मोदी ने पुतिन को बताया कि भारत यह मानता है कि रूस और नाटो देशों के बीच गंभीर और ईमानदार बातचीत के जरिये इस समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।