मंगलवार, 1 फ़रवरी 2022

भाजपा ने जारी किया लखनऊ के प्रत्याशियों की सूची, 17 और उम्मीदवार घोषित : OmTimes

लखनऊ (ऊँ टाइम्स) भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मंगलवार को बहुप्रतीक्षित लखनऊ की सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दिया है। भाजपा के  केंद्रीय कार्यालय की ओर से देर शाम 17 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। लखनऊ पूर्व से आशुतोष टंडन 'गोपाल' और लखनऊ कैंट से बृजेश पाठक को चुनाव मैदान में उतारा गया है। योगी सरकार में राज्यमंत्री स्वाति सिंह की जगह सरोजनीनगर सीट से राज राजेश्वर सिंह को टिकट दिया गया है। स्वाति सिंह के पति दया शंकर को भी टिकट नहीं दिया गया है। 

केन्द्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की वह सूची जारी की, जिसका लोगों को लम्बे समय से इंतजार था। भाजपा ने लखनऊ के साथ ही चौथे चरण के मतदान वाले अन्य विधानसभा क्षेत्रों समेत कुल 17 प्रत्याशियों का नाम घोषित किया है। यहां पर तीन फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि है। 

कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद से सभी को उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी की सूची का इंतजार था। भाजपा ने लखनऊ की सभी नौ विधानसभा सीट के साथ अन्य प्रत्याशियों का भी नाम घोषित किया है। 

भारतीय जनता पार्टी ने विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित की सीट भगवंतनगर विधान सभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा ने यहां पर आशुतोष शुक्ल को चुनाव मैदान में उतारा है। भगवंतनगर से हृदय नारायण दीक्षित 2017 में चुनाव जीते थे। मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर के साले अमरेश कुमार को मोहनलालगंज और पत्नी जय देवी को मलिहाबाद से टिकट दिया गया है। वहीं, सीतापुर की सिधौली सीट से मनीष रावत को टिकट दिया गया है। वह दो दिन पूर्व ही सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। 

लखनऊ की नौ सीटों में आठ पर 2017 में भाजपा ने कब्जा जमाया था। मोहनलालगंज सुरक्षित की सीट से सपा के अम्ब्राीश सिंह पुष्कर विधायक हैं। भाजपा के पास मलिहाबाद सुरक्षित, सरोजनीनगर, लखनऊ कैंट, लखनऊ पूर्वी, लखनऊ मध्य, लखनऊ पश्चिम, लखनऊ उत्तरी, बक्शी का तालाब सीट है। लखनऊ की ज्यादातर सीटें भाजपा के लिए बेहद मुफीद मानी जाती हैं। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में यहां के तीन विधायक आशुतोष टंडन, ब्रजेश पाठक और स्वाति सिंह मंत्री हैं। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा और मोहसिन रजा विधान परिषद सदस्य हैं।

यहां देखें बीजेपी के प्रत्याशियों की सूची...

क्रम संख्या : विधानसभा क्षेत्र : उम्मीदवार का नाम -1. महोली :-  शशांक त्रिवेदी2. सीतापुर :- राकेश राठौर 'गुरु'3. सिधौली (सुरक्षित) :- मनीष रावत4. भगवंतनगर :- आशुतोष शुक्ला5. मलिहाबाद  (सुरक्षित) :- जया देवी6. बख्शी का तालाब :- योगेश शुक्ला7. सरोजनीनगर :- राजराजेश्वर सिंह8. लखनऊ पश्चिम :- अंजनी श्रीवास्तव9. लखनऊ उत्तर :- डा. नीरज बोरा10. लखनऊ पूर्व :-  आशुतोष टंडन 'गोपाल'11. लखनऊ मध्या :- रजनीश गुप्ता12. लखनऊ कैंट :- बृजेश पाठक13. मोहनलालगंज (सुरक्षित) :- अमरेश कुमार14. ऊंचाहार :- अमरपाल मौर्य15. जहांनाबाद :- राजेन्द्र पटेल16. गौरीगंज :- चंद्र प्रकाश मिश्रा मटियारी17. चित्रकूट :- चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय