बुधवार, 18 मई 2022

दिल्ली में अभी और गहराएगा जलसंकट, तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में नहीं हो रही पानी की आपूर्ति : omtimes news

नई दिल्ली (ऊँ टाइम्स) इस समय  वजीराबाद में यमुना का जल स्तर कम होने का सिलसिला जारी है। बुधवार को वजीराबाद में यमुना का जल स्तर पिछले दिन से भी कम हो गया।  इस वजह से जल बोर्ड के तीन जल शोधन संयंत्रों (वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला) से पानी आपूर्ति कम होने से पेयजल किल्लत बढ़ती ही जा रही है। यदि पानी की यह समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो दिल्ली में बड़ा पेयजल संकट खड़ा हो सकता है।  जल बोर्ड के अनुसार, करीब तीन सप्ताह पहले वजीराबाद में यमुना का जल स्तर कम होना शुरू हुआ था, लेकिन एक सप्ताह से समस्या और भी ज्यादा बढ़ी है। वजीराबाद बैराज के पास यमुना का सामान्य जल स्तर 674.50 फुट होना चाहिए। 12 मई को जल स्तर घटकर 671.80 फीट हो गया था। इसके बाद से जल स्तर लगातार कम होता जा रहा है। 17 मई को जल स्तर घटकर 669 फीट हो गया था, जो अब घटकर 668.9 फीट हो गया है। अब स्थिति यह है कि तीन सप्ताह में जल बोर्ड पांच बार हरियाणा के सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर 150 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने का मांग कर चुका है, लेकिन अभी स्थिति में सुधार होती नजर नहीं आ रही है। इस वजह से उत्तरी, उत्तरी पश्चिमी, मध्य व दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों सहित नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के इलाकों में भी पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।