भीड़ के इरादे देख सहम गए बाकी पुलिसकर्मी- किशनगंज के थानेदार की हत्या शनिवार की अल सुबह करीब चार बजे की गई। बताया जा रहा है कि थानाध्यक्ष को कई गोलियां लगी हैं। बताया जा रहा है कि थानेदार के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए पश्चिम बंगाल के ही इस्लामपुर ले जाया गया है। किशनगंज एसपी कुमार आशीष और पूर्णिया आइजी सुरेश चौधरी मौके पर कैंप कर रहे हैं।
सर्किल इंस्पेक्टर ने किसी तरह बचाई अपनी जान- इस दौरान उनके साथ थाने की पूरी टीम थी, लेकिन बाकी पुलिसकर्मी रात के अंधेरे में भीड़ की आक्रामकता देखकर अपनी जान बचाने में लग गए। सर्किल इंस्पेक्टर मनीष कुमार भी छापेमारी दल में शामिल थे। उन्होंने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। अपराधियों ने पुलिस को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
आइजी खुद ले रहे पूरे मामले की जानकारी- पूर्णिया रेंज के आइजी सुरेश चौधरी ने बताया कि एक लूट कांड मामले में पुलिस छापेमारी करने सीमावर्ती पांजीपड़ा (पश्चिम बंगाल) गई थी। उन्होंने बताया कि भीड़ द्वारा घेरकर थानाध्यक्ष की हत्या कर दी गई। सुबह 4 बजे के आसपास की घटना है। इस्लामपुर अस्पताल में पोस्टमाॅर्टम कराया जा रहा है। आइजी ने बताया कि उनके साथ किशनगंज एसपी और पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर के एसपी भी मौजूद हैं। आइजी ने कहा कि यह वारदात मॉब लिंचिंग जैसी है।
केंद्रीय गृह मंत्री से हस्तक्षेप की मांग- बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन ने इस वारदात की कड़ी निंदा की है। पुलिस मेंस एसोसिशन का कहना है कि पश्चिम बंगाल पुलिस के असहयोग के कारण ही बिहार के जांबाज इंस्पेक्टर की जान गई है। अगर बंगाल की पुलिस समय पर बैकअप देने के लिए पहुंचती तो शायद ऐसा नहीं होता। एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि बंगाल में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। बिहार के इंस्पेक्टर ने बंगाल की पुलिस से बैकअप मांगा था, लेकिन वहां की पुलिस ने कोई सहयोग नहीं किया।
भाजपा सांसद ने बंगाल की सरकार पर बोला हमला - इस मामले को लेकर भाजपा के पाटलिपुत्र सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने पश्चिम बंगाल सरकार और वहां के प्रशासन पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि यह घटना बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति को उजागर करने के लिए काफी है। वहां पूरी तरह गुंडों का राज है। जदयू के विधान पार्षद गुलाम गौस ने बिहार और पश्चिम बंगाल की सरकार को मिलकर कार्रवाई करने की बात कही है।
